गोवर्धन (मथुरा)। गांव महरौली के जंगल में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से सात किसानों की 25 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल कर नष्ट हो गई। किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया।
शनिवार की दोपहर किसान लक्ष्मीनारायण के खेत के निकट से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर फसल में गिर गया। इससे उठी चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने थोड़ी देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने गांव में आग लगने की जानकारी दी।
सैकड़ों ग्रामीण आग बुझाने दौड़ पड़े। आग बुझाने के चक्कर में कई ग्रामीण झुलस गए। ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची। दो घंटे बाद दमकल पहुंची।
तब तक महरौली निवासी किसान रघुवीर, पुरुषोत्तम, लक्ष्मीनारायण, हरस्वरूप, मोहन सिंह, भगवान सिंह, मीना, पूरन सिंह की 25 बीघा गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ चुकी थी। पूरे वर्ष की मेहनत को बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते आग लील गई।
राजीव कुमार ने बताया कि बिजली की लाइन जर्जर हैं। शिकायत करने के बाद भी इन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मुआवजे की मांग की है।