मथुरा। छाता-बरसाना मार्ग पर गांव श्रीनगर के पास ईको कार में मिले शवों को मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ ले जाया गया। यहां पर लखनऊ मेडिकल कालेज में दोनों शवों को पोस्टमार्टम होगा और दोनों शवों से डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे। इन शवों के साथ लेखन और कुंवरपाल के परिजन भी गए हैं।
बरसाना-छाता मार्ग पर श्रीनगर गांव के पास सात फरवरी ईको कार में पलवल के मंडकौला निवासी लेखन और कुंवरपाल को बेरहमी से जलाकर मार डाला था। लालाराम ने थाने पहुंचकर पुलिस के सामने यह खुलासा किया था। दोनों युवकों की हत्या की सुलझी गुत्थी के बाद पोस्टमार्टम की बारी आई, पर शवों में केवल हड्डियां होने के कारण यहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
मंगलवार की शाम एंबुलेंस से दोनों शवों को लेकर बरसाना पुलिस लखनऊ के लिए रवाना हुई। इन शवों के साथ लेखन और कुंवरपाल के परिजन भी गए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि बुधवार को इन शवों का पोस्टमार्टम होगा और डीएनए सैंपल भी एकत्रित किए जाएंगे। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम के साथ ही डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे।
मंडकौला में खामोशी भरा सन्नाटा
पलवल के गांव मंडकौला में खामोशी भरा सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई इस सनसनीखेज वारदात से काफी आहत दिख रहा है। कुंवरपाल और लेखन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव मंडकौला में केवल यही चर्चा हर जुबां पर है कि आखिर दोनों को बेरहमी से जलाकर क्यों मार दिया गया।
हथीन पुलिस ने लालाराम से की पूछताछ
हत्या के लिए अगवा को मुकदमा दर्ज करने के बाद पलवल के थाना हथीन की पुलिस बरसाना पहुंची। यहां पर पुलिस ने लालाराम आदि से पूछताछ की। पुलिस सूत्रों की माने तो रोहताश भी गिरफ्त में है, पर बरसाना पुलिस अभी तक इसे छुपाए हुए है। हथीन पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाकर अपनी जांच आगे बढ़ा दी है।