कानपुर के लिए भी-
कानपुर रेलखंड पर दुर्घटनाग्रस्त होने से बची हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस
टूटी पटरी से गुजर रही थी ट्रेन, तभी चालक ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला। कानपुर रेलखंड पर शनिवार सुबह हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना ग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। चालक ने टूटी पटरी पर पूरी गति से निकल रही राजधानी एक्सप्रेस को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया। मौके पर पहुंची टीम ने टूटी पटरी की अस्थायी मरम्मत कर ट्रेन को करीब एक घंटे बाद आगे बढ़ाया।
सुबह 5.25 बजे हावड़ा से नई दिल्ली जा रही 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस कानपुर रेलखंड के अमियापुर-रूरा रेलवे स्टेशनों के बीच खंबा नंबर 1063/25-27 पर पहुंची, वैसे ही चालक को झटका लगा। चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया और मुख्य नियंत्रण कक्ष को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर तकनीकी विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया गया।
पटरी के जोड़ पर लगभग पांच इंच पटरी गायब थी। टीम ने अस्थायी तौर पर पटरी की मरम्मत कर 30 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार का कॉशन लगाकर ट्रेन को साढ़े छह बजे करीब आगे रवाना किया। इस दौरान दिल्ली जा रहीं डिब्रूगढ़ी राजधानी एक्सप्रेस, रांची राजधानी, सियालदा राजधानी, भुवनेश्वर राजधानी, कोलकाता राजधानी, गोहाटी राजधानी, पूर्वा एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें पिछले स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
रेल प्रशासन ने पटरी टूटी होने की जांच के आदेश दिए हैं। विभाग के पीडब्ल्यूआई व गैंगमैन से पूछताछ की है। हालांकि जोइंट पर दोनों ओर से पटरियों को क्लैंप से जुड़ा होने पर हादसा होने की संभावना कम थी।
सुनील गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज
फोटो-