मैनपुरी। लोकसभा सीट के लिए नामांकन आज से होंगे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं। कलक्ट्रेट परिसर को बैरीकेटिंग लगाकर छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अधिकृत लोगों के अलावा कलक्ट्रेट परिसर में अन्य लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष होने वाले नामांकन डीएम के न्यायालय कक्ष में होंगे। नामांकन प्रक्रिया के लिए प्रशासन ने व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। नामांकन करने वाले प्रत्याशी लोहिया पार्क के पीछे की ओर से शिवमंगल सिंह क्लब होते हुए कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले टंकी वाले गेट से कलक्ट्रेट में प्रवेश कर सकेंगे। शिवमंगल सिंह क्लब के आगे किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
टंकी वाले गेट पर बैरियर तथा कलक्ट्रेट परिसर में बैरीकेटिंग कराई गई है। कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रक्रिया के दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस के जावन मौजूद रहेंगे। नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के सर्मथकों को टंकी वाले गेट के बाहर ही रोक दिया जाएगा। डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय ने हिदायत दी है अधिकृत लोगों के अलावा अन्य लोागें को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बुधवार को डीएम और एसपी अजय शंकर राय, एडीएम बी राम, एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने अन्य अफसरों के साथ नामांकन की तैयारियों का निरीक्षण किया।
दस बजे पहुचेंगे कर्मचारी
कलक्ट्रेट स्थित सभी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी सुबह 10 बजे अपने कार्यालयों में पहुंचेगे। समय सीमा के बाद उनको कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शाम तीन बजे तक होंगे नामांकन
लोकसभा सीट के लिए डीएम कक्ष में नामांकन पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होंगे। प्रत्याशी शाम तीन बजे तक नामांकन कर सकेंगे।
जा सकेंगे चार प्रस्तावक
नामांकन करने वाले प्रत्याशी के साथ उसके चार प्रस्तावक नामांकन कक्ष में जा सकेंगे। सरकारी सुरक्षा वाले गनर गेट पर ही रोक दिए जाएंगे।
नामांकन प्रक्रिया
28 मार्च से शुरू होंगे जिले में नामांकन
04 अप्रैल तक प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे
05 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी
08 अप्रैल को लिया जा सकेगा नाम वापस