मैनपुरी-किशनी। सीएचसी पर तैनात आरओ से आशाओं ने जब पिछला भुगतान करने को कहा तो आरओ ने उन्हें अस्पताल से भाग जाने की चेतावनी दी। इससे आक्रोशित आशा कार्यकताओं ने तहसील पर प्रदर्शन करते हुए एसडीएम से शिकायत की है। साथ ही मांगों पर ध्यान देने की बात कही है। गुरुवार को सीएचसी पर आशा कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। इसमें उपस्थित अधिकारियों से क्षेत्र की आशाओं ने अपने पूर्व के भुगतान की मांग की। आरोप है कि आरओ के रूप में कार्यरत कर्मचारी ने आशाओं को पहले शिकायत करने पर भला बुरा कहा।
इसके बाद सभी को निकलवाने की धमकी दे डाली। इसके बाद आरओ ने आशाओं को सीएचसी से भाग जाने को भी कह दिया। इस व्यवहार से नाराज आशाएं तहसील पहुंच गईं। यहां प्रदर्शन करते हुए एसडीएम अशोक प्रताप से आरओ की शिकायत की। इस दौरान लक्ष्मी देवी, राजनश्री, रेखा चौहान, माया देवी, आशा देवी, मीरा देवी, अनीता, नीता देवी, गीता, अंजली, पुष्पा देवी, सरिता, रतनेश, संजो देवी आदि आशा शामिल थीं।
एक आशा हुई घायल
आशाओं का आरोप है कि आरओ द्वारा सीएचसी से भगा देने पर सभी आशाएं सड़क पर आ गई थीं। यहां आशा अनुराधा को लोडर ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। इस संबंध में भी एसडीएम से शिकायत की गई है।
आशाओं की हड़ताल के चलते मामले को सिर्फ तूल दिया जा रहा है ऐसा कोई मामला सीएचसी पर नहीं हुआ है।
डॉक्टर प्रदीप गुप्ता, प्रभारी चिकित्साधिकारी