कासगंज। कासगंज-बरेली मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक कार में आग लग गई। गाड़ी में सवार श्रद्धालुओं ने कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मथुरा से गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु टवेरा गाड़ी में सोरों जा रहे थे। तभी अचानक गाड़ी के इंजन में आग लग गई। गाड़ी में आग लगते ही कार चालक हरिओम निवासी जनकपुरी मथुरा ने गाड़ी को तुरंत सड़क किनारे एलआईसी के नजदीक खड़ा कर दिया। इसके बाद आनन-फानन में श्रद्धालु गाड़ी से बाहर आ गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
धुएं का तेज गुबार और लपटें उठने पर लोगों ने आग पर सड़क किनारे पड़ी मिट्टी डाली। इसके बाद मौजूद लोगों ने कोल्ड स्टोर से पाइप लगाकर पानी डाला। तब तक दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया गया। हरिओम ने बताया कि श्रद्धालु गाड़ी किराए पर लाए थे। उसने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से सोरों पहुंचवाया।