कटरा समान। चल उड़ जा रे पंछी अब ये देश हुआ बेगाना एक गीत की यह लाइनें समान पक्षी विहार पर सटीक बैठ रही हैं। पक्षी विहार में खुलेआम प्रवासी पक्षियों का शिकार हो रहा है। ऐसे में पक्षियों की आवक यहां दिनोंदिन घटती जा रही है। शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
समान पक्षी विहार पक्षियों का महत्वपूर्ण आश्रय स्थल है। झील और आसपास के क्षेत्र में आने वाले स्थानीय और प्रवासी पक्षियों के समुचित संरक्षण और संर्वधन की पर्याप्त सुरक्षा न होने की वजह से आए दिन पक्षियों का शिकार हो रहा है। सर्दी में प्रवासी एवं अप्रवासी पक्षियों का शरण स्थल बने समान पक्षी विहार में पक्षियों के लिए प्रचुर मात्रा में भोजन उपलब्ध रहता है। इससे हर वर्ष यहां पक्षी पहुंचते हैं। वहीं जलकुंभी की सफाई की आड़ में मछली का शिकार किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में जलकुंभी फैली है।
कांच के पाउडर से मारते हैं पक्षी
पक्षी विहार में लोग मछली पकड़ने के साथ ही जाल लगाकर पक्षियों का शिकार भी करते हैं। शिकार करने के लिए विशेष प्रकार के कांच पाउडर का प्रयोग करते हैं।
इन देशों से आते हैं पक्षी
तिब्बत, साइबेरिया, मध्य एशिया, यूरोप, चीन, हिमालय की ऊंची चोटी से दुर्लभ प्रजाति के पक्षी सर्दी केे मौसम में आते हैं।
वर्जन-
समान पक्षी विहार में चिड़ियों या मछलियों का शिकार हो रहा है इसकी जानकारी नहीं है। जांच कराने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
संजीव कुमार, डीएफओ
वर्जन--
पक्षी विहार में पक्षियों के शिकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी जांच कराई जाएगी। पक्षी विहार के वन दरोगा सहित अन्य कर्मचारियों से जानकारी की जाएगी।
एसएन शुक्ला, वार्डन