फिरोजाबाद/टूंडला। रेल प्रशासन ने टूंडला में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है तो कई के रूट डायवर्ट कर चलाया जा रहा है। ट्रेनों के रद्द होने से मंगलवार को यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह स्थिति नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते तक जारी रहेगी।
रेल हादसों को रोकने एवं ट्रेनों के बिना बिलंब चलाने के लिए रेल प्रशासन टूंडला में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य करा रहा है। कार्य के दौरान जहां मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों को कॉशन लगाकर धीमी गति से गुजारा जा रहा है। वहीं कुछ पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने टूंडला से फर्रुखाबाद, फर्रुखाबाद से टूंडला जाने वाली पैंसेंजर, टूंडला से एटा एवं एटा से टूंडला पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है।
साथ ही 14313/14314 बरेली-दादर एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट करते हुए अलीगढ़ से एत्मादपुर होकर आगरा के लिए रवाना किया गया है। इससे ट्रेन टूंडला पर रद्द रहेगी। वहीं आगरा-टूंडला पैसेंजर को आगरा से एत्मादपुर तक लाकर एत्मादपुर से ही इस ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया जाएगा। इससे यह ट्रेन टूंडला पर रद्द रहेगी।
इसके अलावा कानपुर से टूंडला आने वाली पैसेंजर ट्रेन फिरोजाबाद तक ही लाई जाएगी। दिल्ली से टूंडला आने वाली पैसेंजर ट्रेन बरहन तक तथा अगले दिन सुबह कानपुर पैसेंजर बनकर बरहन से वाया टूंडला होते हुए गुजरेगी। इसी तरह बरेली पैसेंजर ट्रेन को आगरा फोर्ट से बांदीकुई के बीच रद्द कर दिया गया है।