वृंदावन (मथुरा)। भगवान रंगनाथ मंदिर के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के तीसरे दिन स्वर्ण गरुड़ पर विराजमान होकर भगवान रंगनाथ की सवारी निकाली गई। पक्षी राज गरुड़ पर विराजमान होकर भगवान रंगनाथ की मनोरम झांकी के दर्शन करने के लिए भक्त लालायित नजर आए। निज मंदिर से निकली सवारी रंगनाथ मार्केट होती हुई बड़े बगीचा पहुंची।
माना जाता है कि गरुड़ जी भगवान विष्णु के अति प्रिय वाहनों में से एक हैं। निज मंदिर से निकलने के बाद सवारी सर्वप्रथम बारहद्वारी पहुंची जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूजन-अर्चन किया गया।
इसके बाद सवारी बैंडबाजों की मधुर भक्ति मय धुन के बीच बड़े बगीचा के लिए रवाना हुई। इस दौरान अनघा श्री निवासन, स्वामी रघुनाथ, स्वामी यतिराज, रम्या, मालदा, चक्रपाणि, राजेश दुबेे, तिरुपति, कन्हैया, आनंद, पंकज शर्मा, पार्षद जय शर्मा, लखन पाठक, विश्वास, हरि भाई, मोहन आदि उपस्थित रहे।