पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के गांव ढोढपुर में एक विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता होली के त्योहार पर पति के घर न आने के निर्णय से क्षुब्ध थी।
बताया गया कि स्नेहलता (30) पत्नी उर्वेश निवासी ढोढपुर ने दिल्ली में अपने पति से रविवार की रात्रि को फोन पर बात की। बातचीत के दौरान पति ने कहा कि वह इस बार होली पर घर नहीं आएगा। इसी बात पर पत्नी को गुस्सा आ गया और उसने फोन काट दिया। कुछ देर के बाद विवाहिता ने घर के बरांडे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय घर में स्नेहलता की ननद मौजूद थी। ससुर व अन्य परिजन घेर में सो रहे थे। सुबह के समय जब परिजन उठे तो विवाहिता को फांसी के फंदे पर झूलता देख चीख पड़े। आस पास के ग्रामीण मौके पर आ गए। विवाहिता के शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम को भेजा है। कोतवाली के निरीक्षक ने बताया कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। वह त्योहार के मौके पर पति के दिल्ली से वापस न आने पर क्षुब्ध थी। उन्होंने बताया कि विवाहिता के परिजन भी आ गए हैं। किसी तरह की कोई शिकायत नहीं दी गई है।