पुलिस ने बेगुनाह को बनाया अपराधी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराो
कासगंज। पुलिस की लापरवाही से छावनी गांव के एक किसान-दुकानदार पर मुसीबत आ पड़ी। बिना किसी आपराधिक मुकदमे के पुलिस ने उसे अपराधी बताते हुए पाबंदी की कार्रवाई कर दी। अब पुलिस जांच कराने की बात कह रही है।
किसान जयनरायन पुत्र खेमकरन निवासी छावनी खेती-बाड़ी करते हैं और गांव में ही छोटी सी परचूनी की दुकान चलाते हैं। जय नरायन के पास सोमवार को सिपाही नोटिस लेकर पहुंचा तो वह चौक गए। उन्होंने सिपाही से जानकारी ली तो पता चला कि आईपीसी के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंगलवार को उन्हें एसडीएम ऑफिस में एक लाख रुपये की जमानत देनी होगी। जय नरायन ने कहा कि उस पर अभी तक कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। फिर ये कार्रवाई कैसे हो सकती है। यह कार्रवाई ढोलना पुलिस की रिपोर्ट पर की गई, जिसमें पुलिस ने उसे अपराध करने वाला बताया। जय नरायन ने एसडीएम के न्यायालय में प्रस्तुत होकर जमानत कराते हुए एक लाख रुपये का मुचलका भरा।
ढोलना के थाना प्रभारी गनेश चौहान ने बताया कि उनके समक्ष कोई भी तथ्य जय नरायन ने प्रस्तुत नहीं किया है। यदि गलत कार्रवाई हुई है, तो इस संबंध में जांच कराई जाएगी।