वृंदावन (मथुरा)। हरियाली अमावस्या की सुबह से हरियाली तीज की रात तक वृंदावन में बाहरी चार पहिया सहित ट्रक और बसों का प्रवेश नहीं होगा। व्यवस्था 11 अगस्त शनिवार की सुबह से लागू कर दी जाएगी।
कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह भाटी ने बताया कि 11 अगस्त शनिवार को हरियाली अमावस्या को भीड़ होने की संभावना को देखते हुए पुलिस शनिवार सुबह से वृंदावन के ट्रैफिक को रोकेगी। वहीं, हरियाली तीज पर पर होने वाली भीड़ के मद्देनजर यह बड़ा बदलाव किया गया है।
बदली व्यवस्था के अनुसार अब नेशनल हाईवे 2 की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर मां वैष्णों देवी मंदिर के समीप और छोटे चार पहिया वाहनों को रुक्मिणी बिहार पार्किंग पर रोका जाएगा। मथुरा से आने वाले बड़े वाहनों को पागल बाबा के समीप दारुल पार्किंग पर पार्क किए जाएंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले बड़े वाहन पुल से पूर्व और छोटे वाहन पुल पार करने के बाद मंडी समिति पर बनाई जा रही पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे। वहीं जैंत के सामने से बने नए मार्ग से आने वाले वाहनों को छ: शिखर मंदिर से पूर्व ही पार्किंग बनाकर रोका जाएगा। वहीं, 9 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।
वन वे होगी दर्शन की व्यवस्था
वृंदावन। हरियाली तीज पर ठाकुर बांकेबिहारी के हिंडोला दर्शन की व्यवस्था वन वे की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत दर्शन के समय श्रद्धालु एक गेट से प्रवेश करेंगे और दूसरे से उन्हें निकासी दी जाएगी।
वर्ष का आखिरी फूल बंगला आज
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पिछले 5 माह से बने फूल बंगला महोत्सव का भी हरियाली अमावस्या की शाम से समापन हो जाएगा। शनिवार को मंदिर में सुबह और शाम दोनों समय फूल बंगला सजाया जाएगा।