हाईटेंशन लाइन के करंट से युवती की गर्दन कटी
- फोटो : अमर उजाला
एटा। छत पर झाड़ूू लगा रही 19 वर्षीय ज्ञान माला की गर्दन हाईटेंशन तार की चपेट में आकर कट गई। दुर्घटना में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर निधौलीकलां पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले में मृतका के भाई ने थाना निधौलीकलां में बिजली विभाग के खिलाफ तहरीर दी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव नगला बंदी निवासी ज्ञान माला (19) पुत्री धनवीर 11वीं कक्षा की छात्रा है। गुरुवार सुबह वह छत पर झाड़ू लगा रही थी। तभी छत से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार से उसकी गर्दन छू गई और उसकी गर्दन कट गई। ज्ञान माला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख परिवारीजनों में चीत्कार मच गया। चीखपुकार पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही बिजली विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। मामले में बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।