तहसील पर पहुंचा प्रत्याशीयों का जुलूस
एटा। निकाय चुनाव को लेकर लगाई गई आचार संहिता गुरुवार को प्रत्याशियों ने ताक पर रख दी। प्रत्याशी जुलूस और नारेबाजी करते हुए नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस समर्थकों को काबू करने में जुटी रही।
गुरुवार को एटा नगर पालिका परिषद समेत सभी निकायों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन किया। राजनीतिक दल पूरे पैनल और जुलूस के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचे। सबसे पहले सपा प्रत्याशी नूरी अदीबा हुसैन के समर्थन में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड पर जुलूस निकाला। इस दौरान राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
इसके बाद भाजपा की प्रत्याशी शालिनी गुप्ता और अन्य निकायों के प्रत्याशी नामांकन करने पहुंचे। जुलूस के साथ सांसद और विधायकों के होने से कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर रहा। कार्यकर्ताओं ने नामांकन स्थल पर पहुंचने के बाद जमकर नारेबाजी की। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी मीरा गांधी और कांग्रेस की प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने भी जुलूस निकाला।
इस दौरान पुलिस बल तहसील परिसर के गेट पर कार्यकर्ताओं को रोकने और काबू करने में जुटा रहा। नामांकन स्थल में प्रवेश को लेकर कई बार कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों की नोक-झोंक भी हुई। वहीं आचार संहिता को लेकर अफसर मूक दर्शक बने रहे।