बलदेव (मथुरा)। स्कूल से घर के बीच लापता हुई छात्रा का अपहरण नहीं हुआ था। वह मां-पापा की डांट से नाराज होकर घर छोड़ गई थी। मथुरा से अलीगढ़ तक साइकिल से गई। पुलिस ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से उसे बरामद कर दिया।
बलदेव क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति की 14 साल की बेटी एक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। स्कूल से लापता हुई इस छात्रा को लेकर काफी हंगामा भी हुआ था। तीन दिन का आश्वासन देकर पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी तो गुरुवार की रात अलीगढ़ के कटपुला स्टेशन से उसे बरामद कर लिया गया।
शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने वाली छात्रा और परिजनों को लेकर बलदेव पुलिस हर उस स्थान पर गई, जहां छात्रा पहुंची थी। पुलिस ने बकायदा वीडियो भी बनाई और बयान भी लिए। सीओ महावन पीपी सिंह ने बताया कि छात्रा मां और पिता की डांट के चलते मध्यावकाश में लापता हुई थी।
साइकिल से निकली यह छात्रा रास्ते में गिरी तो उसके कपड़ों पर कीचड़ लग गया। हाथरस स्टेशन के स्टैंड में साइकिल खड़ी करने के बाद उसने झुग्गी-झोपड़ी वालों से यह कहकर काम मांगा कि अब इस दुनिया में उसका कोई नहीं है।
इसके बाद यहां से कपड़े बदलने के बाद छात्रा अलीगढ़ के कटपुला स्टेशन पहुंच गई। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। सीओ ने बताया कि छात्रा की डाक्टरी कराई गई है। 161 के बयान हो गए हैं। शनिवार को 164 के बयान कराए जाएंगे। छात्रा की सकुशल बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।