मैनपुरी- बेवर। नगर पंचायत बेवर के अंतर्गत लगभग 42 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए लाभांवित किया गया है। इसमें कुछ लाभार्थियों ने खाते में भेजी गई प्रथम किस्त पचास हजार से आवास का निर्माण कार्य करवा लिया गया है। इसके बाद भी द्वितीय किस्त की धनराशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे उनके आवास का कार्य आधा अधूरा लटका पड़ा है।
वहीं कुछ लाभार्थियों का नाम सूची में होते हुए भी उन्हें गुमराह किया जा रहा है कि उनका नाम सूची में नहीं है। नाम न छापने की शर्त पर एक लाभार्थी ने बताया कि पुरानी सूची में उनका नाम था, लेकिन अब विभाग के कर्मचारी निरंतर उन्हें गुमराह कर रहे हैं कि उनका नाम काट दिया गया है। जबकि उनका नाम अब भी सूची में जुड़ा हुआ है। लाभार्थी महिला कार्यालय के चक्कर लगा लगाकर थक चुकी है। लाभार्थियों ने जिलाधिकारी से चयनित किए गए लोगों की सूची नगर पंचायत कार्यालय में चस्पा कराए जाने तथा उनके खातों में धनराशि भेजे जाने की मांग की है। इससे उनके आवास पूर्ण हो सकें।