घर में घुसकर पड़ोसी युवक ने 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। वहीं छात्रा इस घटना के बाद इतनी दहशत में आ गई, कि उसने घर में रखीं कई बीमारियों की दवाइयां एक साथ खा लीं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पड़ोस में रहने वाले युवक ने कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया। दहशत में आई छात्रा ने घर में रखीं विभिन्न बीमारियों की दवाएं एक साथ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रा की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए।
विज्ञापन
उत्तर थाना क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 11वीं की छात्रा मंगलवार दोपहर को घर पर अकेली थी। उसकी मां काम करने के लिए गई थी, जबकि छोटा भाई और बहन घर के बाहर थे। बताया गया है कि तभी पड़ोस में रहने वाला युवक घर में घुस आया। घर में अकेला देख उसने छात्रा को कमरे के अंदर बंधक बना लिया। उसके साथ दुष्कर्म कर आरोपी मौके से भाग गया। घटना से दहशत में आई छात्रा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घर में रखीं विभिन्न बीमारियों की दवाइयों का एक साथ सेवन कर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
मकान की नीचे की मंजिल में रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने पीड़िता की मां को सूचना दी। पीड़िता की मां का कहना है कि बेटी के साथ दुष्कर्म की जानकारी होने पर वह घर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कमरे का दरवाजा तोड़ा तो बेड पर छात्रा बेहोश पड़ी थी। सूचना पर उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रा को पुलिस उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची। यहां उसकी हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष उत्तर धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि छात्रा बेहोश है। उसके होश में आने पर ही मामले की जानकारी हो सकेगी। फिलहाल मां ने दुष्कर्म की बात कही है। मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।