मैनपुरी। जिले में खाद और बीज की दुकानों पर पोस मशीन (प्वाइंट ऑफ सेल) व्यवस्था लागू होने के बाद दुकानदारों में भय की स्थिति बनी हुई है। जिले में 50 दुकानदारों ने अपनी खाद और बीज की दुकानों को बंद कर दिया है। विभाग इन दुकान मालिकों के लाइसेंस रद्द करने की तैयारी कर रहा है।
शासन ने खाद और बीज की बिक्री में होने वाली कालाबाजारी को रोकने के लिए पोस मशीन व्यवस्था को अनिवार्य कर दिया है। शासन की और से इस व्यवस्था को लागू करने के लिए दो बार अंतिम तिथि को भी बढ़ाया जा चुका है। इसके बाद भी दुकानदारों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते जिले में 50 दुकानदारों ने दुकानों को ही बंद कर दिया। इससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जिला कृषि अधिकारी से इस संबंध में शिकायत की। किसानों की शिकायत के आधार पर विभाग उन सभी दुकानदारों की सूची तैयार करने में जुट गया है। ऐसे दुकानदार जो पोस मशीन व्यवस्था के कारण अपनी दुकानों को बंद किए हैं या खाद और बीज का वितरण नहीं कर रहे हैं। विभाग उन सभी दुकानदारों के लाइसेंस रदद करने की तैयारी कर रहा है।