फिरोजाबाद। थाना उत्तर के विवेकानंद चौराहे पर समुदाय विशेष के युवकों की पिटाई की खबर पाकर पहुंचे थाना प्रभारी से भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथापाई कर दी। अपशब्द बोलते हुए उनकी वर्दी खींची और मारपीट के आरोप में पकड़े गए दो युवकों को जीप से उतार ले गए। सूचना पर एसपी सिटी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी पर कोई पकड़ा नहीं गया। एकआरोपी के भाई को हिरासत में लिया गया है।
गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे विवेकानंद चौराहे का वाकया है। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग दूसरे समुदाय के दो युवकों को पीट रहे हैं। घटनास्थल पर आकर थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने दो युवकों को पकड़ा और जीप में बैठा दिया। इस पर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। हिरासत में लिए युवकों को जीप से जबरन उतार लिया।
थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने सख्ती दिखाई तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे खींचतान शुरू कर दी। हाथापाई करते हुए थानेदार की वर्दी भी खींची। इसके बाद दोनों युवकों को पुलिस कस्टडी में जीप से उतार भाजपाई साथ लेकर चले गए। घटनाक्रम से थाना प्रभारी समेत पुलिसवाले सन्न रह गए।
भाटी ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी तो मौके पर एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ अरूण कुमार समेत थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार, थानाध्यक्ष रामगढ़ भानुप्रताप सिंह, रसूलपुर वीरेंद्र कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस फोर्स सबसे पहले हिमांयुपुर में भाजपा कार्यकर्ता लकी गर्ग के आवास पर दबिश देने पहुंची लेकिन वह नहीं मिला।
इसके बाद धीरज पाराशर के महावीर नगर, उदय ठाकुर के जलेसर रोड कौशल्या नगर स्थित आवास पर दबिश दी। एक आरोपी उदय ठाकुर के भाई को हिरासत में लेकर पुलिस दक्षिण थाना ले गई। वहां डीएम नेहा शर्मा और एसएसपी डॉ.मनोज कुमार भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य नानकचंद्र अग्रवाल सहित कई भाजपा नेता भी थाने पहुंच गए। देर रात तक अफसरों और भाजपा नेताओं में बात होती रही।
00000
विवेकानंद चौराहे पर मारपीट की सूचना पर थाना प्रभारी उत्तर मौके पर गए थे। वहां लकी गर्ग, उदय ठाकुर, धीरज पाराशर और प्रमोद पचौरी समेत कुछ अन्य लोगों ने अभद्रता एवं गालीगलौज की है। आरोपियों के खिलाफ अभियोग लिखकर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
-राजेश सिंह एसपी सिटी फिरोजाबाद