मथुरा। ग्राम पंचायत भवन व सामुदायिक भवनों का आधुनिकीकरण कर उनमें कंप्यूटर और वाईफाई की सुविधा दी जाएगी। पंचायत सचिव भी अब प्रधान के घर न बैठकर पंचायत भवनों पर बैठेंगे।
जिले की 516 ग्राम पंचायतों में बने पंचायत व सामुदायिक भवन ज्यादातर क्षतिग्रस्त हालत में हैं। उनमें बिजली कनेक्शन नहीं हैं। अब पंचायत व सामुदायिक भवनों की हालत सुधारी जाएगी। पंचायत भवनों में बड़े सभागार बनाए जाएंगे और शौचालय, हैंडपंप लगाकर गांवों में होने वाले सामाजिक कामों के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।
डीपीआरओ डा. प्रीतम सिंह ने बताया कि चौदहवें राज्य व केंद्रीय वित्त की धनराशि से पंचायत व सामुदायिक भवनों को विकसित किया जाएगा। यहां कंप्यूटर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अक्सर शिकायत रहती है कि पंचायत सेक्रेट्री ग्राम प्रधानों के घर से पंचायतों का संचालन करते हैं। अब पंचायत घरों पर ही सेक्रेट्री बैठेंगे और आधार कार्ड, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र आदि जारी हो सकेंगे। पहले चरण में 250 ग्राम पंचायत व सामुदायिक भवनों को विकसित किया जाएगा।