शिकोहाबाद रोड पर हुई सड़क दुर्घटना के दौरान उन्नाव के सांसद की कार में घुसा दूध का टेंकर
एटा। दिल्ली से अपने आवास उद्देतपुर लौट रहे उन्नाव सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी की फॉर्च्यूनर गाड़ी में दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में सांसद और उनके चालक सहित तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। टैंकर ने सांसद के काफिले में एस्कोर्ट में आगे चल रही पुलिस जीप में भी टक्कर मार दी, जिससे पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई। सांसद ने घटना के पीछे हत्या की साजिश का षड्यंत्र होने की आशंका जताई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड उद्देतपुर निवासी उन्नाव सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से मंगलवार सुबह करीब साढे़ नौ बजे घर लौट रहे थे। शहर के शिकोहाबाद रोड तिराहे पर शिकोहाबाद की ओर से आ रहे दूध के टैंकर ने सांसद के काफिले में चल रही एस्कोर्ट में लगी पुलिस जीप में टक्कर मार दी और इसके बाद उनकी खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी।
टैंकर की टक्कर से सांसद की गाड़ी बीस मीटर तक पीछे खिंचती चली गई। टैंकर की टक्कर लगने से सांसद के कार चालक अशोक उर्फ अजय कुमार और श्याम सिंह जलालपुर और सांसद मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही मामले की रिपोर्ट सांसद के कार चालक अजय कुमार ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई। रिपोर्ट में चालक ने सांसद की हत्या का षड्यंत्र होने की आशंका जाहिर की है।
मामले में पुलिस ने टैंकर चालक राजेंद्र सिंह निवासी नगला फूलसा थाना बरनाहाल मैनपुरी को जेल भेज दिया। इधर, हादसा होने के बाद हाईवे के साथ ही शिकोहाबाद रोड पर आधा घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद टैंकर और गाड़ी को क्रेन से हटवाकर जाम को खुलवाया।