फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। सोमवार रात सीओ दफ्तर के सामने बदमाशों ने मां-बेटे का बंधक बना कर लाखों के आभूषण और नगदी लूट ली। विरोध पर बदमाशों ने मां-बेटे को लाठी डंडों और तमंचे की बट से बेरहमी से पीट कर लहूलुहान कर दिया। वारदात की जानकारी लोगों को सुबह नौ बजे तब हुई, जब महिला को होश आया। सीओ और एसओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ कार्यालय के सामने न्यू शहजलपुर में रजनी (40) पत्नी स्व. गांधी सिंह रहतीं हैं। उनका बेटा गोविंद ट्रक चलाता है। सोमवार रात रजनी अपने बेटे के साथ घर पर थी। मां मकान में नीचे और बेटा छत पर सो रहा था। रजनी ने बताया देर रात करीब आठ बदमाश घर में घुसे और महिला एवं उसके बेटे को हथियारों के बल पर बंधक बना कर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को बेरहमी से पीटा और बेहोश हालत में छोड़ कर ढाई लाख के जेवरात और 60 हजार रुपये कैश लूट कर फरार हो गए।
बदमाशों ने घर में करीब दो घंटे तक लूटपाट की, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मंगलवार सुबह नौ बजे अर्द्धबेहोशी की हालत में महिला ने दरवाजा खोल कर मोहल्ले के लोगों बताया तो खलबली मच गई। लोग घायल मां-बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डकैती की खबर लगते ही सीओ संजय कुमार रेड्डी और प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।दोनों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह ने बताया न्यू शहजलपुर में एकांत में मकान है। बीती रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। चोरी के दौरान जगार होने पर बदमाशों ने मां-बेटे से मारपीट की है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।