एटा। शहर के निधौलीकलां रोड स्थित पूर्णागिरि गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक किशोर को गोली लग गई। आनन फानन में किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के निधौलीकलां रोड स्थित पूर्णागिरि गेस्ट हाउस में रविवार रात को शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें शामिल होने के लिए अनिल (17) पुत्र इन्द्रपाल निवासी वर्मा नगर भी गया था। खुशी का माहौल था। इस दौरान लोगों ने हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस बीच एक गोली अनिल के पैर में लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद गेस्ट हाउस में भगदड़ मच गई।
आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति बताकर उसे आगरा रेफर कर दिया। चार दिन पूर्व भी शिकोहाबाद रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से युवक घायल हो गया था। कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि मामले की कोई शिकायत थाने पर नहीं दी गई है।