फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहर खाकर एसएसपी के सामने पहुंचा किराएदार, इलाज के दौरान हुई मौत

Tue, 23 Oct 2018 11:24 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
महानगर के सासनी गेट इलाके के भाजपा कार्यकर्ता मकान मालिक द्वारा बीस हजार के लेनदेन को लेकर दी जा रही धमकियों से किरायेदार इस कदर परेशान हो गया कि सोमवार दोपहर वह जहर खाकर एसएसपी आफिस पहुंच गया। एसएसपी अजय कुमार साहनी के सामने पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ी तो उल्टियां करने लगा।
विज्ञापन


पूछने पर उसने जहर खाकर आना बताया तो एसएसपी ने तत्काल उसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जब पुलिस उसकी पत्नी को लेकर आई तो उसने पूरा वाकया बताया। पुलिस आरोपी मकान स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

हाथरस के गांव डंडेसरी सिकंदराराऊ का 45 वर्षीय उमाशंकर शर्मा पुत्र तुर्रमपाल शर्मा वर्ष 2013 में पत्नी निर्देश देवी, दो बेटों व दो बेटियों को लेकर अलीगढ़ आकर रहने लगा। यहां वह बदल-बदलकर किराये के मकानों में रह रहा था और प्रापर्टी डीलिंग करता था। वर्ष 2016 में वह खिरनी गेट पर भाजपा कार्यकर्ता सोनू राज वाल्मीकि के मकान में किराये पर आकर बस गया।
विज्ञापन


निर्देश देवी का आरोप है कि सोनू राज उनसे चोरी से बिजली प्रयोग कराता था। एक मर्तबा विजिलेंस के छापे के दौरान 45 हजार रुपया जुर्माना तय हुआ, जो उस समय तो सोनू ने भुगतान कर दिया मगर सोनू राज ने रकम यह कहते हुए उमाशंकर के सिर कर्ज के रूप में मढ़ दी कि तुम्हारी वजह से इतना जुर्माना हुआ है। इसलिए तुम रकम दोगे। उस समय उमाशंकर का काम धंधा ठीक नहीं चल रहा था।

इसी बीच उमाशंकर को पैरालाइसिस की बीमारी भी हो गई। इसलिए बात ठंडे बस्ते में चली गई। मगर अप्रैल 2018 में उमाशंकर ने सोनू का मकान खाली किया और सासनी गेट एडीए में जाकर दूसरे किराये के मकान में जाकर रहने लगा। मकान खाली करते वक्त सोनू ने उमाशंकर का फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि कीमती सामान यह कहकर रख लिया कि 45 हजार रुपये दे जाना और अपना सामान ले जाना।

शुरू हुआ धमकियों का सिलसिला

इसके बाद उमाशंकर को रुपयों के लिए अक्सर सोनू धमकाने लगा तो अगस्त माह में बात थाने तक पहुंची। 6 अगस्त को उमाशंकर की तहरीर पर पुलिस ने सोनू राज को थाने बुलाया। जहां दोनों में यह समझौता हुआ कि वह सामान वापस कर देगा।

उमाशंकर भी 45 के बजाय 20 हजार रुपये देने को तैयार हुआ और उसने 16 अक्तूबर को रकम देने का वायदा करते हुए एडवांस में एक चेक सोनू को दिया। बदले में सोनू ने उसका सामान भी वापस कर दिया। इसके बाद अब जब 16 अक्तूबर निकल गई और उमाशंकर रुपये नहीं दे पाया तो सोनू ने उसे फिर धमकाना शुरू कर दिया। 

सोमवार सुबह भी वह उसके घर धमकी देने पहुंचा, जहां पत्नी बच्चों तक को देखने की धमकी देने लगा। इस पर उमाशंकर ने उसे भी देख लेने की धमकी दी और सोनू के जाने के बाद उमाशंकर अपनी पत्नी से पुलिस के पास जाने की कहकर निकला। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे वह एसएसपी से उनके दफ्तर पर मुलाकात के लिए गया। 

उनके सामने पहुंचने पर उसकी तबियत बिगड़ी और वह उल्टी करने लगा। इस पर एसएसपी ने पूछा तो उसने जहर खाकर आने की बात स्वीकारी। अस्पताल से उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां करीब चार बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इधर, एसएसपी ने सासनी गेट पुलिस के माध्यम से उसकी पत्नी निर्देश देवी को बुलाया तो उसने पूरा वाकया बताया। बाद में निर्देश देवी की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया। 
विज्ञापन

कहां से आया जहर और कब खाया

इस  बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं कि उमाशंकर के पास जहर कहां से आया और उसने कहां खाया। कुछ लोगों का कहना है कि वह एसएसपी दफ्तर पर मुलाकात के लिए काफी देर से खड़ा था और इसी दौरान उसने कुछ खाया। कुछ लोगों का कहना है कि वह खाकर आया था। हालांकि खुद उमाशंकर ने यह स्वीकारा कि वह जहर खाकर आया है।

उमाशंकर की पत्नी द्वारा बताए गए घटनाक्रम के अनुसार सोनूराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। एसएसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक उमाशंकर ने बयान दिया कि वह जहर खाकर ही पहुंचा था। बाकी पूछताछ व जांच जारी है, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें