गणतंत्र दिवस पर इस बार आसमानी हमले की आशंका जताई जा रही है। शासन की ओर से इस संबंध में दिशा निर्देश आए हैं। पुलिसकर्मियों के साथ खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। न केवल एयरपोर्ट, बल्कि हवाई पट्टी पर और समारोहों के दौरान खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अमेरिका में हुए हमले के बाद आतंकी संगठन आसमानी हमलों में दक्ष होते जा रहे हैं। आईएसआई, लश्कर ए तैयबा और जमात उद दावा जैसे आतंकी संगठनों की निगरानी में जुटे खुफिया विभाग ने पिछले दिनों इस संबंध में अफसरों को अवगत कराया था।
वहीं हाल में ही टुंडा, भटकल जैसे आतंकवादियों की गिरफ्तारी के बाद अलर्टनेस बढ़ा दी गई थी। अब गणतंत्र दिवस को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से भी इस संबंध में निर्देश आए हैं।
पढ़ें, गणतंत्र दिवस विशेषः 'यंग इंडिया' के जर्जर होते कानून
शहरों में खुफिया तंत्र को स्लीपिंग माड्यूल्य के साथ एयरो माड्यूल्स के बारे में सतर्कता रखने को कहा गया है। हवा में रिमोट के जरिए उड़ने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरणों या खिलौनों के बारे में भी जानकारी दी गई है।
पत्र में जिक्र है कि गणतंत्र दिवस पर आतंकी कहीं भी वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। खुफिया सूत्रों ने बताया कि निर्देश आने के बाद आतंकी संगठनों की वेबसाइट भी खंगाली जा रही है। समारोहों के दौरान आसमान पर भी नजर रखी जाएगी।