उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के शामली में बाइक सवार युवकों ने पिचकारी से चार बहनों पर तेजाब फेंककर सनसनी फैला दी। इस हमले में एक अन्य छात्रा भी तेजाब के छींटों से झुलस गई।
चार बहनों में एक को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर करना पड़ा हे। वारदात के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
शामली स्कित कांधला के मुहल्ला शेखजादगान निवासी चार बहनें सोनम, कमरजहां, ईशा और आयशा एक पब्लिक स्कूल में शिक्षिकाएं हैं। फिलहाल चारों बहनों की हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी लगी हैं।
मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे परीक्षा ड्यूटी से लौटते वक्त इन पर हमला हुआ। कैराना बाईपास स्थित चार खंबा चौराहे पर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन पर तेजाब उड़ेल दिया।
अचानक हुई वारदात से हक्का-बक्का बहनों और अन्य लोगों को जब तक कुछ समझ में आता, हेलमेट पहने हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना के वक्त वहां से गुजर रही छात्रा अलीशा भी झुलस गई। आंखों, चेहरे और बाजू पर तेजाब पड़ने से आयशा की हालत गंभीर है।
पांचों पीड़िताओं को तत्काल कांधला अस्पताल ले जाया गया, जहां से आयशा को गंभीर हालत में पहले शामली और वहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। अलीशा को भी उसके परिजन उपचार के लिए दिल्ली ले गए।
हमले की शिकार बहनों के परिजनों ने किसी भी रंजिश से इनकार किया है।
एएसपी अतुल सक्सेना का कहना है कि तेजाब पिचकारी से फेंका गया। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जाएगा।