उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच के आफिस में बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में पुलिस की रिवाल्वर से चली गोली लूट के आरोपी के मुंह में जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे आननफानन में दिल्ली गेट स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
यहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के रिवाल्वर लेकर भागने के दौरान हुई छीनाझपटी में गोली चली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
निबोहरा कस्बे के डॉक्टर का पुरा में संजय और उसकी पत्नी के साथ 20 अगस्त को लूट हुई थी। घटना के संबंध में क्राइम ब्रांच की टीम ने टुंडे का पुरा, मौरोली धौलपुर निवासी जितेंद्र गुर्जर पुत्र अमृतलाल को हिरासत में लिया था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस लाइन स्थित दफ्तर में आरोपी से पूछताछ की गई। बुधवार सुबह तकरीबन साढ़े छह से सात बजे के बीच लूट के आरोपी जितेंद्र गुर्जर के मुंह में पुलिसकर्मी की सरकारी रिवाल्वर से गोली लग गई।
जितेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आननफानन में पुलिस उसे लेकर संजय प्लेस स्थित एक नर्सिंग होम में पहुंची लेकिन यहां डॉक्टर के नहीं होने पर दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ लोहामंडी एएसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे लूट के आरोपी जितेंद्र गुर्जर ने आरक्षी चालक रामपाल सिंह की सरकारी रिवाल्वर लेकर भागने की कोशिश की।
आरक्षी और आरोपी के बीच छीनाझपटी होने लगी। इसी बीच चली गोली आरोपी जितेंद्र को लग गई। पुलिस का कहना है कि जिस वक्त गोली चली, आफिस में आरक्षी जितेंद्र सिंह भी मौजूद था।
एसएसपी शलभ माथुर ने कहा कि घटना की जांच एएसपी प्रभाकर चौधरी को सौंपी गई है। वह दो दिन में अपनी रिपोर्ट देंगे।