लखनऊ । बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर किसी की जान पर भारी पड़ी। अहियागंज में खुले पड़े ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर चिनहट में झूलते बिजली के तार ट्रक क्लीनर की मौत का कारण बन गए।
नादान महल रोड उपकेंद्र इलाके मेें शनिवार को ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की कोशिश के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। लेसा का दावा कि मृतक स्मैक का नशेड़ी लगता, जिसकी ट्रांसफार्मर की पेटी से तांबे का संयंत्र चोरी करने के प्रयास में जान चली गई। यह घटना अहियागंज के मुर्तजा हुसैन रोड स्थित नवरतन पार्क में हुई, जिसका पता पूर्वाह्न 11 बजे चला। इस पार्क में ट्रांसफार्मर लगा है, जिसकी सुरक्षा करने वाली टूटी फूटी जाली किनारे पड़ी है। पुलिस के अनुसार ट्रांसफार्मर के निकट एक युवक पड़ा था जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष है। इसकी मौत करंट से हुई है, जिसके पास में एक बोरा पड़ा था। पुलिस का मानना कि युवक की मौत तो करंट से हुई लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा बीनने के चक्कर में वह तारों की चपेट में आया, जिससे उसकी जान चली गई। काफी दिन पहले भी खेलने के दौरान नदीम एवं राजकुमार को करंट लग चुका है। वहीं कुछ दिन पहले भी करंट से एक मवेशी की मौत हो चुकी है। जबकि लेसा के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मृतक नशेड़ी प्रतीक हो रहा था जो पेटी में लगे तांबे के संयंत्र लग्स को चोरी करने के चक्कर में करंट की चपेट में आया है।
वहीं दूसरी ओर सीमेंट लदे ट्रक की छत पर बैठा क्लीनर ऊपर से गुजरते बिजली तारों की चपेट में आकर झुलस गया। घटना चिनहट में हुई है। झुलसे मरीज को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक व दो मजदूर बाल-बाल बच गए। गौरतलब है कि शुक्रवार को काकोरी में करंट की चपेट में आकर एक मासूम छात्रा की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, फैजाबाद के मवई थाने के गांव इमडिहा निवासी चालक धर्मपाल सिंह शुक्रवार देर शाम आलमनगर से सीमेंट से लदा ट्रक लेकर गोमतीनगर के एक ट्रेडर्स के यहां जा रहा था। उसके साथ पड़ोस के गांव हरचंदपुर कुटिया निवासी क्लीनर रंजीत यादव (21), गांव माथे नेवादा निवासी मजदूर जियालाल रावत व गांव कलांपुर निवासी रामकिशुन रावत सवार थे। दोनों मजदूर ड्राइवर के साथ बैठे थे, जबकि क्लीनर रंजीत ट्रक के ऊपर टूल बॉक्स पर बैठा था।
रास्ते में चिनहट के गांव छोटा भरवारा से गुजरते समय रंजीत ऊपर से गुजरे बिजली की तार के चपेट में आ गया। करंट से बुरी तरह झुलसा रंजीत सीमेंट के बोरों पर गिरा। चालक धर्मपाल व दोनों मजदूरों ने हल्का सा झटका महसूस किया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर धर्मपाल को रंजीत के बिजली के तार की चपेट में आने की जानकारी दी। उसने ट्रक रोका और बुरी तरह झुलसे रंजीत को लोगों की मदद से लोहिया अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मपाल ने खरगापुर के गीतापुरी में रहने वाले रंजीत के चाचा ओमप्रकाश यादव को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने ओमप्रकाश की तहरीर पर सूचना दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच की जा रही है। चालक व दोनों मजदूरों का कहना है कि चलते ट्रक में करंट की चपेट में आने के बाद रंजीत बिजली के तार से छूटकर गिर गया था। उसके तार से न छूटने पर पूरे ट्रक में करंट उतरने से और भी बड़ा हादसा हो सकता था।