लखनऊ। प्रदेशभर में पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए शुक्रवार को ऑफ कैंपस ऑनलाइन काउंसलिंग का पहला चरण शुरू हुआ। पहले ही दिन 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया। इसमें से चार हजार ने ई-चालान के माध्यम से फीस भी जमा कर दी। पहले चरण में एक से लेकर 40 हजार रैंक तक के अभ्यर्थियों को शामिल होना है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में सहायता देने के लिए प्रदेशभर में 65 हेल्प सेंटर भी बनाए गए हैं। राजधानी में फैजाबाद रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में भी हेल्प सेंटर बनाया गया। हालांकि, पहले दिन यहां ज्यादा अभ्यर्थी नहीं आए। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव योगेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पहले चरण में ग्रुप-ए के विभिन्न इंजीनियरिंग कोर्सेज एंड डिप्लोमा में दाखिले के लिए एक से लेकर 40 हजार रैंक तक के अभ्यर्थियों के लिए ऑफ कैंपस ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया खोली गई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में आठ से 14 जुलाई तक अभ्यर्थियों को चॉइस लॉक करने का मौका दिया जाएगा। चॉइस लॉक करने वाले इन अभ्यर्थियों के दाखिले की प्रक्रिया 16 जुलाई तक पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि हेल्प सेंटर्स पर जो भी अभ्यर्थी आ रहे हैं, उन्हें पूरी मदद दी जा रही है। इन अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सात जुलाई से होगा। इस बार सिक्योरिटी डिपॉजिट में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब अभ्यर्थी को 3005 रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा करने होंगे। पहले सिक्योरिटी डिपॉजिट दो हजार रुपये ही था।
कांउसलिंग के पांच चरणों से होगा गुजरना ः अभ्यर्थी को वेबसाइट www.jeecup.nic.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके बाद अभ्यर्थी ई-चालान जनरेट करेंगे। सर्टिफिकेट्स का वेरिफिकेशन होगा और इसके बाद वे इंस्टीट्यूट और कोर्स में अपनी चॉइस लॉक करेंगे। रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद ही अभ्यर्थी के मोबाइल नंबर पर एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा। इसका इस्तेमाल काउंसलिंग के हर चरण में होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद अभ्यर्थी बैंक चालान प्रिंट करेंगे और इसे पंजाब नेशनल बैंक की किसी भी शाखा में जाकर 305 रुपये काउंसलिंग फीस के साथ जमा कर देंगे। बैंक फीस रसीद के साथ एक ट्रांजेक्शन आईडी देगा।
आखिरी दिन तक बदल सकेंगे चॉइस ः सर्टिफिकेट के वेरिफिकेशन के बाद अभ्यर्थी बैंक से ट्रांजेक्शन आईडी लेकर अगले दिन अपने परीक्षा केंद्र वाले जनपद में स्थित हेल्प सेंटर पर जाएंगे। यहां उसके सर्टिफिकेट की जांच होगी। इसके बाद ही अभ्यर्थी को एक पिन दिया जाएगा। अभ्यर्थी अपने पिन और रोल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन चॉइस लॉक कर सकेंगे। अभ्यर्थी को इस बार अंतिम दिन तक अपनी चॉइस बदलने का मौका दिया जा रहा है।
काउंसलिंग के अन्य चरण ः दूसरा चरण : ग्रुप-ए के रैंक 40001 से लेकर 150000 तक के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। वहीं, अन्य ग्रुप के सभी अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। यह चरण 12 जुलाई से शुरू होगा और 27 जुलाई तक चलेगा। इसमें अभ्यर्थी 21 से 24 जुलाई तक अपने पसंदीदा कोर्स व इंस्टीट्यूट की चॉइस लॉक करेंगे।
तीसरा चरण : ग्रुप ए में 1500001 से 442883 रैंक के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। प्रक्रिया 22 जुलाई से छह अगस्त तक चलेगी। इसमें चॉइस लॉक करने के लिए अभ्यर्थी को एक अगस्त से चार अगस्त तक का समय दिया जाएगा।