लखनऊ। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद गुरुवार को राजधानी के कई स्कूलों में एक बार फिर रौनक लौट आई। कैथेड्रल डायसीज द्वारा संचालित पांच समेत राजधानी के दो दर्जन से ज्यादा स्कूल की सीनियर कक्षाओं में पढ़ाई शुरू हो गई है। छुट्टियों के बाद पहला दिन खट्टी-मीठी यादों को बांटने के साथ गुजरा। सुबह सवेरे अनमने से स्कूल पहुंचे बच्चों ने क्लास में पढ़ाई भले ही न की हो, लेकिन मस्ती जमकर की गई। उधर, अगले चार से पांच दिन के भीतर राजधानी के 40 फीसदी से ज्यादा स्कूलों को शुरू होने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राजधानी में कैथेड्रल डायसीज की ओर से बारहवीं तक के पांच विद्यालयों का संचालन किया जाता है। इसमें, सेंट फ्रांसिस कॉलेज, कैथेड्रल सीनियर सेकंडरी स्कूल, सेंट डोमिनिक सेवियो, सेंट पॉल्स और सेंट थॉमस शामिल हैं। कैथेड्रल डायसीज के प्रवक्ता फादर डोनाल्ड ने बताया कि इन सभी स्कूलों में गुरुवार से पढ़ाई शुरू कर दी गई है। अभी सिर्फ छह से बारहवीं तक की कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। अन्य, छोटी कक्षाओं के लिए एक जुलाई से ही स्कूल खुलेंगे। उन्होंने बताया कि बीते कुछ सालों में शैक्षिक सत्र के दौरान अवकाशों की संख्या बहुत ज्यादा रही है। जिसका असर, बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। इसके मद्देनजर ये बदलाव किए गए हैं। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की कुछ शाखाओं में सीनियर सेक्शन की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। एसकेडी एकेडमी की सभी शाखाओं में सीनियर स्टूडेंट्स की पढ़ाई शुरू हो गई है। उधर, कई अन्य विद्यालय अगले एक सप्ताह में शुरू करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। राजधानी में संचालित सभी केंद्रीय विद्यालयों में 25 जून से कक्षाएं शुरू हो रही हैं। लखनऊ पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई 25 जून से शुरू हो जाएगी। सेंट जोजफ कॉलेज में कक्षा तीन से 12 तक का संचालन 27 जून से किया जाना प्रस्तावित है। इसी तरह, अवध कॉलिजिएट में सोमवार से नौ से बारह तक की कक्षाओं का संचालन शुरू किया जा रहा है।
काउंसिल ने किया शैक्षिक सत्र में विस्तार ः द काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन की ओर से आईएससी व आईसीएसई के शैक्षिक सत्र के समय सीमा में विस्तार लागू कर दिया है। नए सत्र की शुरुआत 15 से 25 मार्च के बीच की गई है। लगभग सभी स्कूलों ने आठ से दस मई से ही स्कूल ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसलिए. एक जुलाई के बजाए 20 से 25 जून तक स्कूल शुरू किए जा रहे हैं। स्प्रिंग डेल कॉलेज के प्रिंसिपल अली अहमद ने बताया कि अवकाशों के चलते काउंसलिंग की ओर से ये बदलाव लागू किए गए हैं। इससे करीब एक से दो हफ्ते के अतिरिक्त समय पढ़ाई के लिए मिल सकेगा।