लखनऊ। बालाघाट उपकेंद्र से जुड़े इलाके में ट्रांसफार्मर जलने के बाद परेशान लोगों ने रविवार रात बिजली कर्मचारियों को बंधक बनाकर पांच घंटे तक बवाल किया। इस दौरान स्थिति काबू में करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। रात तीन बजे ट्रांसफार्मर ट्रॉली लगाकर बिजली चालू की गई तो कर्मचारी मुक्त हुए। उधर, कई अन्य इलाकों में भी बिजली संकट जारी रहा। बालागंज स्थित हरीनगर के लोगों ने बताया कि रविवार रात नौ बजे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। यह ट्रांसफार्मर दस दिन पहले ही लगा था। इससे पहले लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर भी जल गया था। लोगों ने जूनियर इंजीनियर से लेकर एक्सईएन तक से बंद बिजली को चालू कराने की अपील की, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। इसके बाद रात 10 बजे लोग घरों से निकलकर बालाघाट उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। जब कर्मचारी जले ट्रांसफार्मर का जम्पर खोलने मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया। कर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। तभी प्रदर्शनकारियों का एक जत्था हंगामा करते हुए बालागंज चौराहे पर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने इंजीनियरों से बात की तो उन्होंने चारबाग के बांस मंडी मेें ट्रॉली ट्रांसफार्मर होने की बात कही, लेकिन उसे रात में लाने पर असमर्थता व्यक्त की। रात करीब एक बजे पुलिस ने हरदोई रोड पर एक निजी ट्रैक्टर को रोककर उससे चारबाग से ट्रॉली ट्रांसफार्मर मंगाया। इस दौरान कर्मचारी बंधक बने रहे। ट्रॉली ट्रांसफार्मर रात करीब तीन बजे चालू हुआ तब पुलिस और प्रदर्शनकारी वापस गए। लोगोें ने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण आए दिन जल जाता है। यहां पर 630 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई थी, जिसे नकार दिया गया। इसके अलावा जीएसआई उपकेंद्र के तहत प्रीतिनगर फीडर की ट्रॉली में फ्लेश ओवर होने से अपराह्न 3 से रात 8 बजे तक बत्ती बंद रही।
मोहान रोड पर सड़क जाम ः फतेहगंज उपकेंद्र के तहत मोहान रोड के इलाकोें में कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे व्यापारी सोमवार शाम सड़क पर उतर आए। उन्होंने बुद्धेश्वर चौराहे पर सड़क जाम करके प्रदर्शन किया। इससे हाईवे पर वाहनों का काफिला थम गया तो पुलिस ने लाठी फटकार कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि हफ्ते भर में बिजली नहीं सुधरी तो दोबारा सड़क जाम करेंगे।
इंदिरा भवन में संकट ः राजभवन खंड के तहत इंदिरानगर भवन में भी सोमवार को कई बार बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया। इसके कारण सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ। कर्मियों ने बताया कि दोपहर से शाम पांच बजे तक कई बार बिजली गई। इसके कारण अधिकारी एवं कर्मचारी गर्मी से पसीने में नहा गए। वहीं, कमरों में अंधेरा छाया रहा और सरकारी विभागों में कामकाज नहीं हो सका।
बिजली पर जनसभा ः आम आदमी पार्टी ने सोमवार को बिजली के बढ़े दाम और व्यापक कटौती के विरोध में अमीनाबाद चौराहे पर जनसभा की। सभा में व्यापारियों ने भी हिस्सा लिया और बिजली की बढ़ी दरों को वापस लेने की मांग की। पूर्व सांसद इलियास आजमी ने कहा कि विकास के मुद्दे किसी भी सरकार की वरीयता मेें नहीं हैं। शैलेंद्र दुबे ने जल विद्युत बनाने को सस्ता विकल्प बताया। जनसभा को अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।