फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी-पानी ने खोली शहर की व्यवस्था की पोल

Sat, 08 Jun 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार देर रात आई तेज आंधी पानी से राजधानी की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। कई क्षेत्रों में देर रात गई बिजली शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक शुरू नहीं हो सकी। जबकि कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने में अभियंताओं को शाम तक मशक्कत करनी पड़ी। आशियाना स्थित सेक्टर-डी में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में बिजली कर्मियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पोल व तार टूटने के कारण अवर अभियंता टीम लेकर दोपहर ढाई बजे तक मरम्मत करवाते रहे। वही पीजीआई से निकली 33 केवी लाइन में ब्रेक डाउन से वृंदावन, अंबेडकर नगर विवि, उतरेठिया में देर शाम तक बिजली संकट बना रहा। वहीं ओवर ब्रिज निर्माण के कारण ब्रह्मनगर में केबल क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आसपास के इलाकों में बिजली नहीं आई। वहीं बारिश के चलते शहर में कई जगह जलभराव हो गया। मुख्य मार्गों पर पानी भरने से लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। जबकि आंधी के चलते कई जगह पेड़ भी गिर गए। जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक पीजीआई से पोषित क्षेत्रों में सुबह 9.45 पर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी लेकिन दोपहर 12.20 पर संकट आने के कारण वृंदावन व अंबेडकर नगर विश्वविद्यालय से पोषित क्षेत्रों में संकट रहा। यहां शाम 5 बजे के बाद आपूर्ति दोबारा शुरू हो सकी। वहीं न्यू आलमबाग के बाराबिरवा फीडर से पोषित हिंद नगर व आसपास के क्षेत्रों में देर रात गई बिजली दोपहर 12 बजे आ सकी। इन क्षेत्रों में बिजली न आने के कारण पानी का संकट जबरदस्त रहा। शृंगार नगर व चित्रगुप्त नगर में भी दोपहर 1 बजे बिजली आ सकी। इंद्रलोक क्षेत्र में कई जगह तेज हवा के कारण कई जगह तार टूट गये। इसके कारण आपूर्ति प्रभावित रही। यहां बिजली की आपूर्ति दोपहर ढाई बजे आ सकी। अपट्रान फीडर 33 केवी लाइन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण दोपहर बारह बजे आपूर्ति बहाल हुई। चौपटिया, विक्टोरिया व हुसैनगंज में भी संकट रहा। जबकि इंदिरा नगर के सेक्टर 14 ओल्ड में लाइन में फाल्ट आने के कारण दोपहर 3 तीन बजे तक विद्युत व्यवस्था करने में लग गये। अहिबरनपुर के मदेयगंज में दोपहर डेढ़ बजे गई बिजली शाम 5 बजे आ सकी। उधर फतेहगंज उपकेंद्र से पोषित क्षेत्र में आंधी के कारण तार टूट गए थे यहां 11 केवी लाइन को दुरुस्त करने में शाम के 6 बज गए। इसके चलते उपभोक्ताओं को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम सात बजे के आसपास विभूति खंड में ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण विद्युत संकट रहा। यहां आपूर्ति रात आठ बजे दुरुस्त कर दी गई लेकिन बिजली की आवाजाही देर रात तक लगी रही।

चार दिन नहीं आएगी बिजली
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज के छिबाउखेड़ा गांव में पोल पर इंसुलेटर लगाने के कारण चार दिन बिजली की आपूर्ति नहीं की जाएगी। अभियंताओं ने बताया कि गांव में लगे सभी पोलों पर तार बांधने के लिये इंसुलेटर लगाए जाएंगे। जिससे बिजली के तारों को बांधा जा सके। इस व्यवस्था के कारण पोल से करंट नहीं उतर सकेगा। गौरतलब है कि पोल पर चीनी मिट्टी का इंसुलेटर न लगा होने के कारण पोल से करंट उतर आया था और कई ग्रामीणों को जबरदस्त झटका लगा था। इस गांव में स्थानीय सांसद सुशीला सरोज के प्रयासों के बाद बिजली आ सकी थी। उधर बीकेटी में भी देर रात बारिश व आंधी के चले बिजली की समस्या रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें