लखनऊ। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जिला इकाई टीम ने बुधवार को आलमबाग स्थित अशोक ब्रांड मसाले के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर के यहां कार्रवाई कर तीन नमूनों को जांच के लिए सील कर प्रयोगशाला भेजा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई बीते दिनों अशोक ब्रांड मसाले के सील पैक में मिली गड़बड़ी की शिकायत के आधार पर हुई। जांच टीम ने मौके पर सीलबंद डिब्बों से पिसी हल्दी, पिसी लाल मिर्ची व गरम मसाले के नमूनों की सैंपलिंग की। सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान ही एफएसडीए टीम ने रेजीडेंसी के समीप फुटपाथ पर ठेला लगा कर बेचे जा रहे फलों की भी जांच की सड़ेगले फलों को नष्ट करवा दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि अशोक ब्रांड के नाम से सब्जी मसालों की डिब्बा बंद पैकिंग करने वाली फर्म द्वारा सप्लाई डिब्बा बंद पैकेट में पिसी हल्दी में खराबी की शिकायत के बाद जांच टीम ने बुधवार को कंपनी के आलमबाग स्नेह नगर स्थित मुख्य वितरक के डिपो की पड़ताल की और नमूने सील किए। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद अब आगे की कार्रवाई होगी। जांच टीम ने इसके बाद चौक इलाके में कुल्फी बेचने वाली एक दुकान से भी कुल्फी का नमूना जांच को सीलबंद कर भेजा। सीएसएफआई सिंह ने बताया कि जांच टीम अब गर्मी के मौसम में बीमारी फैलाने वाले कटे व खराब फलों की बिक्री रोकने पर ध्यान देगी। इसकी शुरुआत बुधवार को रेजीडेंसी व तारामंडल के बीच फुटपाथ पर दुकान लगा कर फल बेचने वाली चार फुटकर दुकानों पर जांच में खराब पाए गए खरबूजा व तरबूज को जब्त कर नष्ट कर हुई। ऐसे फल बेचने वाले दुकानदारों पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।