फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदिरानगर में 24 और लाटूश रोड पर 14 घंटे बत्ती गुल

Tue, 14 May 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। इससे व्यापारी से लेकर नागरिक तक त्रस्त हैं। सोमवार को लाटूश रोड पर 14 घंटे एवं इंदिरानगर में करीब 24 घंटे तक बत्ती गुल रही। लाटूश रोड के व्यापारियों की बिजली गायब हुई तो 400 से अधिक व्यापारी सुबह से शाम तक पसीने-पसीने हुए। वहीं अमीनाबाद के अन्य इलाकों में बिजली संकट शाम तक बना रहा। अमीनाबाद उपकेंद्र के तहत यूपीआईएल फीडर में सोमवार सुबह पांच बजे आई तकनीकी खराबी के कारण लाटूश रोड स्थित बिजली उपकरण बाजार में गुल हुई बिजली शाम सात बजे बहाल हुई। व्यापारी प्रतिनिधि पराग गर्ग ने बताया कि जब से बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी तब से 30 फीसदी कारोबार घट गया है। कारण यह है कि शोरूम एवं गोदाम में पर्याप्त उजाला न होने के कारण ग्राहकों को मनचाही वैराइटी नहीं दे पाते हैं। व्यापारी कैलाश चंद्र, सुभाष चंद्रा, तरुण ने बताया कि सुबह 10 बजे दुकान खोली तो बिजली नहीं थी। उपकेंद्र पर सूचना दी तो पता चला कि केबल फाल्ट है। इनवर्टर ने भी चार-पांच घंटे के बाद दम तोड़ दिया। इसके बाद तो बिन बिजली के ही दुकान में बैठे हैं। बिजली न होने के कारण काफी ग्राहकों को लौटाना पड़ा। गोदाम में अंधेरा होने के कारण माल नहीं निकाल सके। दूसरी तरफ अमीनाबाद के एक्सईएन आरएस गौतम ने बताया कि केबल फाल्ट सही करने के लिए दोपहर में ही गड्ढा खोदकर केबल को खोज लिया लेकिन ज्वाइंटर के देर से आने के कारण बिजली सप्लाई सात बजे शुरू हो सकी। वहीं शाम को गणेशगंज, नाका, बासमंडी, फतेहगंज, मौलवीगंज क्षेत्र में बिजली बंद रही। जबकि ऐशबाग क्षेत्र में 630 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से बिजली संकट उत्पन्न हुआ।
विज्ञापन

चाइनीज लाइट कारोबार का सहारा ः इंदिरानगर एवं चिनहट खंड की बीते पखवारा भर से चरमराई बिजली व्यवस्था के चलते व्यापारियों के लिए चाइनीज इमरजेंसी लाइट ही उनके कारोबार का सहारा बनी है। व्यापारियों की माने तो अब तो उतनी ही देर बिजली आती जितनी देर में थोड़ी बहुत चार्ज हो जाए। सोमवार को दोपहर में मुंशी पुलिया क्षेत्र में दिन भर बिजली संकट उत्पन्न हुआ तो एक कारोबारी ग्राहक को चाइनीज लाइट में शू पसंद कराते नजर आया। वहीं चिनहट मेें तो हेयर कटिंग तक चाइनीज लाइट की रोशनी में हो रही है। चिनहट के कारोबारियों ने बताया कि इंजीनियर बेलगाम हो चुके हैं। उपकेंद्र पर कोई शिकायत सुनने वाला नहीं है। इसकी वजह से चाइनीज लाइट के सहारे काम करते और शाम ढलते ही दुकानों को बंद कर घर चले जाते हैं।
महिलाओं का उपकेंद्र पर पर प्रदर्शन ः इंदिरानगर के सेक्टर 14 में एबीसी जलने के कारण गुल हुई बिजली के विरोध में महिलाओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर हंगामा किया। शिवाजीपुरम उत्थान समिति के महामंत्री सुशील कुमार बच्चा ने बताया कि रविवार रात 10 बजे शिवाजीपुरम कॉलोनी में एबीसी में आग लग गई। इसके कारण काफी बड़े हिस्से की बिजली गुल हो गई। यह इलाका रात भर अंधेरे में रहा जिसके विरोध में कॉलोनी की महिलाओं ने सोमवार दोपहर में सेक्टर 14 उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर हंगामा किया और एक्सईन आनंद शुक्ला से व्यथा बताई। एक्सईएन के आश्वासन के बाद भी देर शाम 9 बजे तक बिजली चालू नहीं हो सकी। जानकारी में आया कि रखरखाव कार्य के सामान का अभाव होने के कारण जला हुआ एबीसी बदला नहीं जा सका था।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें