लखनऊ (ब्यूरो)। सीआरपीएफ के सिपाही गोविंद धानुक की अरुणाचल में आत्महत्या करने पर संदेह जताते हुए परिवार ने राज्यपाल बीएल जोशी से सीबीआई जांच कराने की मांग की है। धानुक के परिवार ने हत्या का संदेह जताया है।
सीआरपीएफ के अधिकारियों ने लखनऊ के दिलकुशा कैंट में रहने वाले उनके परिवार को सूचित किया है कि गोविंद ने आत्महत्या की है, जबकि परिवारीजनों के मुताबिक गोविंद को किसी किस्म का तनाव या मानसिक असंतुलन नहीं था। मौत से एक दिन पहले ही अपनी पत्नी से हुई बातचीत में भी उन्हाेंने ऐसे किसी तनाव की बात नहीं कही थी। गोविंद की पत्नी सरिता ने राज्यपाल बीएल जोशी को एक प्रार्थना पत्र देकर मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि गोविंद की मौत 6 मई को हो गई थी, लेकिन आज तक उनका शव नहीं सौंपा गया है। प्रार्थना पत्र में सरिता ने बताया है कि गोविंद 15 दिन की छुट्टी घर में बिताकर 1 मई को ही ड्यूटी पर बरडुमसा चांगलांग अरुणाचल प्रदेश गए थे। यहां 5 मई को उनसे बात हुई थी। 6 मई को किसी राकेश नामक व्यक्ति ने परिवार को फोन करके बताया कि गोविंद ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। सीआरपीएफ के अधिकारी भी उन्हें यही कह रहे हैं, लेकिन परिवार को उनकी हत्या का पूरा संदेह है।