लखनऊ। सीनियर सेकंडरी कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों की इंग्लिश पर पकड़ बेहतर बनाने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ हायर सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने पहल की है। इसके लिए बोर्ड ने 11वीं और 12वीं के फंक्शनल इंग्लिश के सिलेबस को संशोधित करने का निर्णय लिया है। बदले पाठ्यकम में छात्रों की इंग्लिश में दक्षता एवं संवाद विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
सीबीएसई से जारी निर्देश में कहा गया है कि 11वीं और 12वीं के फंक्शनल इंग्लिश के पाठ्यक्रम को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अपडेट किया जाएगा। नए पैटर्न में इंग्लिश को पढ़ने, लिखने, बोलने और सुनने के साथ ही साहित्य की समझ विकसित करने पर केंद्रित किया गया है। अब 11वीं में फंक्शनल इंग्लिश लैंग्वेज स्किल्स बुक और 12वीं में फंक्शनल इंग्लिश लैंग्वेज लिटरेचर रीडर पढ़ाई जाएगी। पहले साल भाषा के शब्दकोश, व्याकरण, लिखने और बोलने की कला को विकसित करने में मदद दी जाएगी। वहीं, दूसरे वर्ष के पाठ्यक्रम को इस प्रकार विकसित किया गया है कि छात्र इंग्लिश साहित्य की विधाओें जिसमें गद्य, पद्य और नाटक शामिल हैं, पर अपनी समझ बेहतर कर सकें। साथ ही पर्यावरण, स्वास्थ्य, श्रम की महत्ता, मीडिया की भूमिका, लैंगिक संवेदनशीलता पर जागरूकता संबंधी विषयों को भी पाठ्यक्रम में जगह दी गई है। छात्रों को दिए जाने वाले ग्रुप प्रोजेक्ट्स, प्रेजेंटेशन, केस स्टडी, प्रेजेंटेशन को इंग्लिश भाषा में ही प्रस्तुत करने पर जोर होगा। 11वीं में यह परिवर्तन 2013-14 सत्र से और 12वीं में 2014-15 से लागू किया जाएगा।