लखनऊ। राजधानी के सिन्हा सीनियर सेकंडरी स्कूल की यूपी बोर्ड की मान्यता वापस लेने तैयारी कर ली गई है। इस स्कूल पर शासन की अनुमति के बिना एक अन्य बोर्ड की मान्यता लेकर बच्चों को अमान्य मार्कशीट और सर्टिफिकेट जारी करने के आरोप हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से आरोपों के मद्देनजर कोई स्पष्ट जानकारी न दिए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस संबंध में सोमवार को स्कूल को नोटिस भेजा जाएगा। गोसाईंगंज स्थित सिन्हा सीनियर सेकंडरी हाईस्कू ल के पास यूपी बोर्ड की हाईस्कूल तक की कक्षाओं की मान्यता है लेकिन इसके द्वारा बोर्ड ऑफ हायर सेकंडरी एजुकेशन, दिल्ली की मान्यता पर इंटरमीडिएट की कक्षाओं का भी संचालन किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि किसी भी बोर्ड की मान्यता लेने से पहले शासन से अनुमति लेनी होती है। इसके बिना किसी भी स्कूल का संचालन नहीं किया जा सकता। इसके अलावा एक स्कूल में दो बोर्ड की मान्यता लेने पर पहले बोर्ड की मान्यता स्वत: समाप्त हो जाती है। डीआईओएस ने बताया कि दो दिन पहले स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया था लेकिन स्कूल की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्कूल की मान्यता वापस लेने की संस्तुति की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई पूरी कर ली गई है। सोमवार को स्कूल को नोटिस जारी कर मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की शुरू की जाएगी। साथ ही अमान्य बोर्ड के अंक पत्र जारी करने के मामले में स्कूल के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
इन स्कूलों पर भी कसा जाना है शिकंजा ः बिना शासन की अनुमति के बोर्ड ऑफ हायर सेकंडरी एजुकेशन, दिल्ली की मान्यता लेने वाले अन्य स्कूल प्रबंधनों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। इनमें शांति शिक्षा निकेतन मलिहाबाद, श्यामलाल पब्लिक स्कूल माल, संगीता सीनियर सेकंडरी स्कूल दुबग्गा, द्वारिका सिंह एसएस स्कूल मलिहाबाद, श्रीमती सुशीला देवी एसएस स्कूल मलिहाबाद, जय हिंद पब्लिक स्कूल आशियाना, रानी विद्या पब्लिक स्कूल चिनहट, आर्यन एकेडमी काकोरी, इंटल प्राइड पब्लिक स्कूल काकोरी, द चिल्ड्रन डवेलपमेंट स्कूल काकोरी, डॉ. बीआर अंबेडकर जीडी मेमोरियल रहीमाबाद, रिफाइन पब्लिक स्कूल, एसआरएस पब्लिक स्कूल मलिहाबाद, प्रज्ञा बालिका चिनहट, प्रोग्रेसिव कॉन्वेंट एसएस स्कूल दुबग्गा, प्रशांत पब्लिक स्कूल चिनहट, नव जागृति स्कूल मलिहाबाद, रामपाल बुद्धि विकास स्कूल मलिहाबाद, एकता स्कूल मलिहाबाद, पीएमडी एकेडमी इंटर कॉलेज सरोजनी नगर, आइडल पब्लिक स्कूल चिनहट भी शामिल हैं।