लखनऊ। पीएसी में तैनात एक सिपाही के बेटे को पुलिस ने स्मैक बेचते गिरफ्तार किया है। आलमबाग स्थित टेढ़ी पुलिया के पास से साथी समेत हत्थे चढ़े सिपाही के बेटे के पास से 95 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पूछताछ में दोनों ने शाहखर्ची के लिए स्मैक बेचने की बात कुबूली है। मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर आलमबाग ऋषिकेश यादव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब दस बजे सूचना मिली कि आलमबाग के टेढ़ी पुलिया के पास दो युवक स्मैक बेच रहे हैं। इस पर एसआई अरुण सरोज, कांस्टेबल अंचित, गोपाल गिरी व दीपक की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने दोनों युवकों को मौके से स्मैक के साथ रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े गए युवकों की पहचान 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर निवासी रनवीर सिंह व पुरानी सरदारी खेड़ा निवासी राजन कुमार के रूप में हुई। दोनों के पास से क्रमश: 50 व 45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि रनवीर बीएससी कर रहा है और उसका पिता उमेश प्रसाद 35 पीएसी वाहिनी में सिपाही है। शाहखर्ची के चलते उसने स्मैक बेचना शुरू किया था। जबकि दूसरा युवक राजन कुमार एक मोबाइल शॉप में काम करता है। इंस्पेक्टर आलमबाग ने बताया कि पकड़ी गई अवैध स्मैक की बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।