लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र में एक मिशनरी स्कूल में दाखिले के नाम पर लाइजनर ने कई अभिभावकों को ठगी का शिकार बनाया। लाखों की ठगी के आरोपी को अभिभावकों ने शनिवार रात परिवर्तन चौक के पास पकड़ कर रकम का तगादा किया। टालमटोल पर पुलिस के हवाले किया है। लाइजनर ने स्कूल के कई कर्मचारियों के नाम कबूले हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महानगर के इमरान ने हजरतगंज क्षेत्र के एक नामचीन मिशनरी स्कूल में अपनी भतीजी के दाखिले के लिए जून 12 में मकबरा रोड निवासी एक ठेकेदार से संपर्क किया था। ठेकेदार मिशनरी स्कूल का लाइजनर भी है। उसने प्री-नर्सरी में दाखिले के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की। इस पर 1.9 लाख में सौदा पटा और इमरान ने उसे रकम दे दी। दाखिले की सूची में भतीजी का नाम न होने पर इमरान ने पूछताछ शुरू की तो लाइजनर टालमटोल करने लगा। इसके बाद अंडरग्राउंड हो गया। इस बीच इमरान को पता चला कि लाइजनर ने कई अभिभावकों से लाखों की ठगी की है। सभी लोग उसकी तलाश में हैं। बताते हैं कि इमरान आज रात सहारागंज से परिवर्तन चौक की तरफ जा रहे थे। रास्ते में लाइजनर नजर आ गया। उन्होंने साथियों की मदद से रोककर तगादा किया। रकम लौटाने में आनाकानी करते देख उसे हजरतगंज कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए लाइजनर से सीओ हजरतगंज दिनेश यादव व इंस्पेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने पूछताछ शुरू की तो मिशनरी स्कूल में दाखिले के नाम पर ठगी के चौंकाने वाले राज उजागर होने लगे। लाइजनर ने स्कूल के कर्मचारियों के भी नाम कबूले। उसने खुलासा किया कि क्लर्क व टीचर की साठगांठ से उसने कई बच्चों के दाखिले कराकर मोटी कमाई की थी, जबकि कई बच्चों का दाखिला नहीं हो सका। उनके अभिभावकों से वसूली रकम में से मोटा हिस्सा संबंधित कर्मचारियों को दे चुका है, जबकि अपना हिस्सा खर्च कर डाला। पुलिस देररात तक तहकीकात में जुटी थी और मामला दर्ज नहीं हुआ था।