लखनऊ। कुंभ जाने के लिए शनिवार रात चारबाग स्टेशन पर एकदम से यात्रियों का ग्राफ बढ़ गया। यात्रियों की बढ़ती भीड़ से स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने लखनऊ से कुंभ के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाई। इसके चलते अन्य ट्रेनों का संचालन एक से चार घंटे तक अस्त व्यस्त हो गया। वहीं लखनऊ आ रही आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें आउटर पर खड़ी कर दी गईं। इससे उन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को काफी मुसीबत हुई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रात में यात्रियाें की भीड़ बढ़ने पर रात 11.25 पर स्पेशल ट्रेन (04250) चलाई। लेकिन यह ट्रेन भी चंद मिनटों में फुल हो गई। कुछ देर बाद स्टेशन के प्लेटफार्म पर फिर कुंभ जाने वाले यात्रियाें की भीड़ बढ़ गई। यह देख अफसरों को एक दूसरी स्पेशल ट्रेन (04242) देर रात 12.15 बजे चलानी पड़ी। यह ट्रेन भी पूरी तरह से भर गई। हालांकि उसके बाद यात्रियों की संख्या में थोड़ी कमी आई। जो इलाहाबाद जाने वाली ट्रेनों से कुंभ गए। वहीं स्पेशल ट्रेन चलने के कारण बरेली प्रयाग एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस, बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस, बरेली-बनारस एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस और फैजाबाद-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेेनें लखनऊ स्टेशन के आउटर पर एक से चार घंटे तक खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म कई घंटे तक खड़े रहकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक स्पेशल ट्रेनों के चलाने के कारण ही नियमित रूप से चलने वाली ट्रेनों की समयसारिणी बदल गई। क्योंकि इन ट्रेनों के प्लेटफार्म निश्चित नहीं थे और दूसरी ट्रेनों को रोककर इन्हें चलाना पड़ा।
वहीं रविवार को कुंभ में कई ट्रेनें लगी होने के कारण उत्तर रेलवे प्रशासन को लखनऊ से कानपुर के बीच चलने वाली छह मेमू और दो पैसेंजर ट्रेनाें का संचालन निरस्त करना पड़ा। निरस्त हुई मेमू ट्रेनों में 2 पीएलएम, 2एलजीबी, 2एलएसबी, 7एलकेएम, 11 एलकेएम और 12 एलकेएम हैं। जबकि पैसेंजर ट्रेनों में 1 पीएल और 2 पीएल रही।