लखनऊ। इंदिरानगर के चमरौखा गांव में रविवार देर रात संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। उसके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए दामाद व अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जबकि पति का कहना है कि सीढ़ी से गिरकर पत्नी ने दम तोड़ा है। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।
इंदिरानगर में सेक्टर-14 के चमरौखा गांव के सब्जी विक्रेता गोपाल की शादी छह साल पहले पूनम से हुई थी। दोनों से पांच वर्षीय बेटा व ढाई साल की बेटी है। पूनम (25) के घर वालों के मुताबिक, शादी के बाद से ही गोपाल दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करता था। रविवार देर शाम दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद दामाद ने पूनम की हत्या कर दी। वहीं, गोपाल का कहना है कि रात में किसी काम से घर से निकला था। लौट कर आया तो देखा किपूनम सीढ़ी से गिरी पड़ी थी। उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पूनम ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। मामले की तफ्तीश कर रहे दरोगा रविन्द्र सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह साफ हो जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।