लखनऊ। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा में फेल होने पर एक छात्रा को ऐसा सदमा लगा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार दोपहर ही परीक्षा का रिजल्ट आया था और इंटरनेट पर रिजल्ट देखने के चंद मिनटों बाद छात्रा ने यह कदम उठा लिया। बेटी के पास होने की आस लगाए पिता घर लौटे तो उन्हें बंद कमरे में लाडली का शव पंखे से लटकता मिला। पुलिस के मुताबिक, इंदिरानगर के सेक्टर-10 इंसाफनगर निवासी कार्टूनिस्ट मनीष सहगल एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी बड़ी बेटी सिंड्रेला (17) ने 2012 में डीपीएस से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। पढ़ाई में अव्वल होने के कारण मनीष ने सिंड्रेला को न सिर्फ कंप्यूटर सेट दिलाया था बल्कि इंटरनेट की सुविधा भी दी थी। विगत दिनों सिंड्रेला ने सीए की परीक्षा की दी थी, जिसका सोमवार दोपहर दो बजे रिजल्ट आया। फेल होने पर चंद मिनट बाद छात्रा ने कमरा भीतर से बंद करके पंखे से दुपट्टे का फंदा कसा और फांसी लगा ली।
दिल्ली के मूल निवासी मनीष ने बताया कि बेटी के पास होने की उम्मीद में कंपनी से जल्दी छुट्टी लेकर वह दोपहर 2:45 बजे घर लौटे। बेटी का कमरा खटखटाया। कोई आहट न होने पर खिड़की से झांका तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। उनकी चीख सुनकर छत पर धूप सेंक रहीं पत्नी पूर्णिमा व छोटी बेटी माल्या मौके पर पहुंची। बेटी की लाश देखते ही पूर्णिमा गश खाकर गिर गईं। मनीष ने पुलिस को फोन किया। खिड़की की प्लाई हटाकर भीतर से बंद दरवाजा खोला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।