लखनऊ। दिवाली में इस बार परिवहन विभाग की बांछें खिली हुई है। इस बार विभाग की मेहनत भी खूब रंग लाई है। अफसरों के मुताबिक, पांच दिनों में परिवहन निगम 4.78 करोड़ रुपये की कमाई कर चुका है और शेष दो दिनों में डेढ़ करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है। वहीं, रेलवे को भी पिछले साल की तुलना में तीन फीसदी अधिक कमाई हुई है। हालांकि रेलवे अधिकारी स्पष्ट आंकड़ा नहीं बता सके। रेलवे के मुताबिक, अभी 25 नवंबर तक ट्रेनों में भारी भीड़ रहेगी। पहले दिवाली फिर छठ पड़ने से यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में कम होने का नाम नहीं ले रही है।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि दिवाली में यात्रियों की सुविधा के लिए सौ से अधिक बसें चलाई गईं थी। पांच दिनों में परिवहन ने यात्रियों से करीब 4.78 करोड़ रुपये भी कमा लिए। अफसरों को उम्मीद है कि बाकी दो दिनों में निगम करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कमाई और करेगा, क्योंकि अधिकांश यात्री शनिवार व रविवार को गंतव्यों की ओर निकलेंगे। इन सात दिनों में निगम की कुल कमाई 6.28 करोड़ होगी। जो वर्ष 2011 की तुलना (4.17) में दो करोड़ से अधिक होगी। अधिकारियों ने बताया कि अगर नतीजे उम्मीद के मुताबिक आए तो भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। त्योहार के बाद अलग-अलग रूटों से होने वाली कमाई व यात्रियों की संख्या देखी जाएगी। इससे एक अनुमान लगाया जा सके कि किस रूट पर यात्रियाें का ग्राफ ज्यादा है किस रूट पर कम है।