लखनऊ। बकरीद पर किसी भी तरह की अराजकता व कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की धरपकड़ के लिए पुराने लखनऊ का हर संवेदनशील इलाका खुफिया कैमरों की निगरानी में रहेगा। जिला प्रशासन व पुलिस ने पुराने लखनऊ क्षेत्र को बाजार खाला एवं चौक जोन में बांटने के साथ चौक, वजीरगंज, ठाकुरगंज, बाजार खाला, सहादतगंज एवं मौलवीगंज सेक्टर बनाते हुए पूरे इलाके में खुफिया रिकॉर्डिंग कराने के लिए पावरफुल क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के इंतजाम किए हैं।
बकरीद के मौके पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों पर शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी अदिति सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में एक बैठक हुई। प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जोन एवं सेक्टरों में मजिस्ट्रेेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी देर रात से लगा दी गई है, जो 24 घंटे अलग-अलग शिफ्टों में चलेगी। इसके अलावा सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने भ्रमण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को अवश्य दें। किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलने दी जाए। अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों को चिह्नित कर तत्काल उनकी गिरफ्तारी की जाए।
बैठक में हिस्सेदारी करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरके चतुर्वेदी ने बताया कि हर छोटी से छोटी घटना समस्या बन सकती है, इसलिए किसी भी गड़बड़ी को अनेदखा न किया जाए। सर्किल सीओ पूरी रात रात्रि भ्रमण कर अपने अधीनस्थों से संवेदनशील इलाकों के बारे में सूचना प्राप्त कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को अवश्य भेजें। इस अवसर पर नगर आयुक्त आरके सिंह ने नगर निगम स्तर पर प्रदत्त सुविधाओं की व्यवस्था के बारे में बताया। बैठक में जिले के सभी एसपी, एएसपी, अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ पुलिस, एसडीएम, एसीएम सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थिति थे।