यूपी के वाराणसी में दो छात्राओं ने चालक के नहीं रुकने पर अपहरण की आशंका
से चलते वाहन से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल दोनों छात्राओं की मौत हो
गई। पुलिस ने वाहन चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के शनिवार को बताया कि वाराणसी के ढकवां निवासी स्नातक छात्राएं गीता और गुड़िया 11 अप्रैल को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में दोनों एक माल ढोने वाली गाड़ी में लिफ्ट लेकर चढ़ गई।
पुलिस ने बताया कि कॉलेज के निकट आवाज देने के बावजूद वाहन नहीं रुका तो दोनों उस पर से कूद पड़ीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में दोनों को लेढ़ूपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को दोनों की कुछ घंटे के अंतराल पर मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर वाहन चालक निजामुद्दीन के साथ राजेंद्र और नखड़ू यादव को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि वाहन चालक दोनों छात्राओं का अपहरण करना चाहता था, लेकिन पुलिस का दावा है कि छात्राएं गलतफहमी में वाहन से कूदी थीं।