Union Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया। इस दौरान सरकार ने देश के विभिन्न सेक्टरों को गति देने के लिए कई बड़े एलान किए। इस बजट में युवाओं की देश के विकास में भागीदारी बढ़ाने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। आज के समय देश में करोड़ों की संख्या में युवा बेरोजगार हैं। ऐसे में उनको रोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते वक्त कई बड़े एलान किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत तीन योजनाओं पर काम कर रही है। इस योजना के अंतर्गत औपचारिक क्षेत्रों में पहली बार नौकरी करने वाले लोगों को एक महीने का वेतन दिया जाएगा। इसमें एक महीने के वेतन का प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण 15 हजार रुपये तक तीन किस्तों के रूप में दिया जाएगा। इसका लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनका वेतन 1 लाख रुपये से कम है।