थाना क्षेत्र के बरजी कला गांव की प्रधान समेत पांच लोगों पर रविवार को गोपीगंज थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बरजी निवासी उमाकांत दुबे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में आरोप लगाया कि प्रधान विमला देवी समेत पांच लोग फर्जी मोहर बनवाकर विकलांग समेत कई तरह के प्रमाण पत्र जारी कराकर सरकारी धन का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक को दिया था। एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रधान विमला देवी के अलावा चार अन्य आरोपियों के नाम का खुलासा करने से इंकार किया है। क्षेत्राधिकारी श्यामशंकर पांडेय ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। उधर, प्रधान विमला देवी ने आरोपों को निराधार बताया।
कहा कि जांच होने के बाद दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। कहा कि उन्होंने स्वयं डीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव के अपात्रों का पेंशन बंद करा दिया था, यह भी कारण हो सकता है।