सानिया मिर्जा और राजीव राम की भारतीय-अमेरिकी जोड़ी पहले ही दौर में हारकर अमेरिकी ओपन से बाहर हो गई हैं। इस जोड़ी को यूक्रेन और ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स के मुकाबले में 61 मिनट में 6-3, 3-6, 10-7 से हराया। इस हार के साथ ही मिर्जा का सत्र के आखिरी ग्रैंडस्लैम में अभियान खत्म हो गया। वह महिला युगल के पहले दौर में अमेरिका की कोको वांडेवेगे के साथ पहले ही हार चुकी हैं। वहीं, भारत के रोहन बोपन्ना और क्रोएशिया के इवान डोडिच की जोड़ी पुरूष युगल के दूसरे दौर में मोनाको के हुजो निस और फ्रांस के आर्थर रिंडरनेच से खेलेगी।
अंकिता और दिविज भी हारकर बाहर
भारत की अंकिता रैना और दिविज शरण युगल में अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए। अंकिता और यूक्रेन की उनकी जोड़ीदार कैटरीना बोंडारेंको को स्लोवेनिया की आंद्रेजा व क्रोएशिया की दरिजा जुराक के हाथों 1-6, 1-6 से हार मिली। दिविज और कोरिया के उनके जोड़ीदार क्वोन सू वू को ब्रिटेन के जो सैलिसबरी और अमेरिका के राजीव राम के हाथों 3-6, 4-6 से हार झेलनी पड़ी।