2018 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता युवा खिलाड़ी अंकिता रैना और इन्हीं खेलों की पुरुष युगल स्पर्धा में के गोल्ड मेडलिस्ट दिविज शरण ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) की ओर अर्जुन अवॉर्ड के दावेदार होंगे। जबकि ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए डेविस कप के पूर्व कोच नंदन बल का नाम भेजा जाएगा।
एआईटीए के सचिव हिरोनमाय चटर्जी ने बताया कि इन तीनों का नाम खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। 2018 के बाद टेनिस जगत में किसी को भी अर्जुन अवॉर्ड से नहीं नवाजा गया है। आखिरी बार रोहन बोपन्ना को अर्जुन अवॉर्ड मिला था। दिलचस्प है कि दिविज शरणने 2018 एशियाई खेलों का गोल्ड मेडल बोपन्ना के साथ मिलकर ही जीता था। दूसरी ओर 60 वर्षीय नंदन बल 1980-83 के बीच भारतीय डेविस कप टीम के सदस्य रहे। इसके बाद उन्होंने कोच की जिम्मेदारी संभाली। जीशान अली (2014), एसपी मिश्रा (2015) और नितिन कीर्तन (2019) के बाद नंदन बल यह सम्मान पाने वाले चौथे टेनिस कोच हो सकते हैं।
दूसरी ओर 27 वर्षीय अंकिता देश में टेनिस का भविष्य मानी जा रही हैं। फेड कप में भी उनका प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। भारत के पहली बार विश्व ग्रुप प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई करने में अहम भूमिका अदा की थी। इस साल के फेड कप में अंकिता ने पांच दिन के अंदर आठ मैच खेले जिसमें से दो एकल और अनुभवी स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा के साथ मिलकर तीन अहम युगल मुकाबले जीते, जिससे भारत पहली बार प्ले आफ के लिये क्वालीफाई करने में सफल रहा। वर्ल्ड रैकिंग में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 160वें पर रह चुकीं अंकिता के साथ इस सम्मान के दावेदार दिविज शरण जकार्ता एशियाड के अलावा 2019 सीजन में दो एटीपी खिताब जीत चुके हैं।