श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैच की सीरीज से पहले मंगलवार को इयान बेल को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया। श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी वेबसाइट पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इंग्लैंड की तरफ से 118 टेस्ट मैच में 7727 रन बनाने वाले बेल इस सप्ताह के आखिर में टीम से जुड़ जाएंगे।
श्रीलंका क्रिकेट ने कहा, 'वह 16 अगस्त से टीम के साथ काम करना शुरू कर देंगे और तीन टेस्ट मैच की श्रृंखला के समापन तक उससे जुड़े रहेंगे।' बेल को इंग्लैंड क्रिकेट की अच्छी समझ है और उनकी भूमिका इस सीरीज में महत्वपूर्ण हो सकती है। श्रीलंका का इंग्लैंड दौरा 21 से 25 अगस्त तक मैनचेस्टर में पहले टेस्ट से शुरू होगा। दूसरा टेस्ट 29 अगस्त से दो सितंबर तक लॉर्ड्स में जबकि तीसरा और अंतिम टेस्ट छह से 10 सितंबर तक ओवल में खेला जाएगा।
बेल इंग्लैंड के महान बल्लेबाजों में से एक रह चुके हैं। उन्होंने टेस्ट और वनडे डेब्यू 2004 में और टी20 टेब्यू 2006 में किया था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट और वनडे 2015 में और टी20 2014 में खेला था। बेल ने अपने टेस्ट करियर में 22 शतक और 46 अर्धशतक लगा चुके हैं। इसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। इसके अलावा वह 161 वनडे में 37.87 की औसत से 5416 रन बना चुके हैं। इनमें चार शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। आठ टी20 में वह 115.34 के स्ट्राइक रेट से 188 रन बना चुके हैं।
बेल को सबसे ज्यादा याद 2011 के नॉटिंघम टेस्ट के लिए किया जाता है। तब बेल को भारतीय टीम के कप्तान रहे एमएस धोनी ने जीवनदान दिया था। दरअसल, बेल रनआउट हो गए थे और लंच की घोषणा हो गई थी। हालांकि, लंच के बाद धोनी ने अंपायर से कहकर बेल को वापस बुला लिया था। यह घटना इंग्लैंड की दूसरी पारी में घटी थी। तब बेल ने 159 रन बना दिए थे। भारत यह टेस्ट 319 रन से हार गया था।